नोएडा , मई 06 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-24 थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए वांछित अभियुक्त पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर जी ब्लॉक, सेक्टर-22 नोएडा क्षेत्र से अभियुक्त हितेश राणा (33) और उसकी पत्नी चंचल (27) को गिरफ्तार किया गया। दोनों चौड़ा सादातपुर क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त हितेश राणा ने बताया कि मृतक पुनीत चौहान उसकी पत्नी चंचल के संपर्क में था, जिससे वह काफी नाराज़ था। घटना के दिन पुनीत चौहान अपनी महिला मित्र विद्या दास के साथ माफी मांगने के लिए हितेश के घर आया था। लेकिन बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर हितेश और उसकी पत्नी ने घर में रखी हॉकी से दोनों पर हमला कर दिया।

मारपीट के दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि पुनीत चौहान और विद्या दास तीसरी मंजिल से नीचे गिर गए। इस हादसे में युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई और युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे।

सेक्टर-24 थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त हॉकी बरामद कर ली गई है।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित