गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 29 -- श्रमिकों और उद्यमियों की श्रम संबंधी समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
सहायक श्रम आयुक्त सुयश पाण्डेय ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर तीन नोएडा स्थित अपर श्रम आयुक्त कार्यालय में पहले से संचालित कॉल सेंटर के साथ-साथ अब तीन नए कॉल सेंटर भी स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान औद्योगिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस सुविधा का विस्तार किया गया है, ताकि श्रमिकों और उद्यमियों की शिकायतों का तेजी से समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इन नए कॉल सेंटरों के माध्यम से अब अधिक संख्या में शिकायतों को समयबद्ध तरीके से दर्ज और निस्तारित किया जा सकेगा।
श्रमिक एवं उद्यमी अपनी समस्याएं हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा शिकायतें ईमेल के माध्यम से भेज सकते हैं। शिकायत दर्ज कराने का समय सुबह 9:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि इस पहल से श्रमिकों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और उनकी समस्याओं का समाधान अधिक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित