नोएडा , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 24 थाना क्षेत्र के झुंडपुरा स्थित एक बारात घर में शादी समारोह के दौरान न्योछावर के पैसे बटोरने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झगड़े के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए कहा कि गुरुवार की रात झुंडपुरा स्थित बारात घर में बारात चढ़त के दौरान कुछ युवक न्योछावर के रूप में उछाले गए पैसे बटोर रहे थे। इसी दौरान प्रथम पक्ष का एक युवक अपने भाई के साथ पैसे बटोरकर घर वापस लौट रहा था। उसी समय द्वितीय पक्ष के कुछ युवक भी पैसे इकट्ठा करके वापस जा रहे थे।

रास्ते में दोनों पक्षों के बीच न्योछावर के पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान एक बाल अपचारी ने अपने साथी आसिफ उर्फ अत्थी को बताया कि मृतक युवक ने उसके हिस्से के पैसे ले लिए हैं। आरोप है कि इस बात पर आसिफ उर्फ अत्थी ने अपने साथियों रौनक, तौसीफ, सुदामा, सरफराज और एक अन्य बाल अपचारी के साथ मिलकर युवक पर हमला कर दिया। झगड़े के दौरान आसिफ उर्फ अत्थी ने युवक पर चाकू से वार कर दिया।

घायल युवक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सेक्टर-24 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शादी में बटोरे गए 1,700 रुपये हत्या में उपयुक्त एक चाकू, रक्त लगे कपड़े बरामद किए हैं।

पूछताछ में सामने आया वे सभी शादी में न्योछावर के पैसे बटोरने आए थे। पैसे इकट्ठा करने के बाद वापस लौटते समय पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित