ग्रेटर नोएडा , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला के ग्रेटर नोएडा यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर-28 में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला शनिवार को रखी जाएगी।

इस ऐतिहासिक अवसर पर देश के प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव समारोह में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होंगे।

कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और यमुना प्राधिकरण के अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं। जनसभा के लिए भव्य पंडाल लगाया गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जनसभा में करीब पांच से दस हजार लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान भी लागू रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित