नोएडा , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 126 थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो शातिर लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नौ भारतीय पासपोर्ट, चार मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, सात फर्जी जॉब पम्पलेट, सात फर्जी एयरलाइन टिकट, नौ फर्जी वीज़ा प्रिंटआउट और तिहत्तर हजार से अधिक रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस द्वारा शनिवार को यह जानकारी दी गई गई कि, गत शुक्रवार को एक पीड़ित ने नोएडा सेक्टर-126 थाना में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्तियों ने फर्जी विदेशी नौकरी का विज्ञापन दिखाकर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये की ठगी की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस टीम ने गत शुक्रवार को डीएमआई टी प्वाइंट से सुपरनोवा बिल्डिंग, नोएडा सेक्टर-94 की ओर जाने वाले मार्ग से दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नियाज अहमद उर्फ अरमान और राजू शाह के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुनियोजित तरीके से विदेशी कंपनियों के नाम पर आकर्षक और लुभावने फर्जी नौकरी विज्ञापन तैयार करते थे। इनमें ऊंची सैलरी, फ्री वीज़ा, फ्री टिकट और तत्काल जॉइनिंग का लालच दिया जाता था।
वे व्हाट्सएप ग्रुप, टेलीग्राम चैनल और फेसबुक पेज जैसे प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय जॉब ग्रुपों में शामिल होकर फ्यूचर लाइट मैनपावर नाम से फर्जी पम्पलेट प्रसारित करते थे। संपर्क करने वाले लोगों से केवल व्हाट्सएप कॉल पर बात की जाती थी ताकि पहचान और लोकेशन छुपी रहे।
इसके बाद फर्जी ऑफर लेटर, वीज़ा और अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन टिकट के प्रिंटआउट भेजकर विश्वास जीता जाता था। प्रोसेसिंग फीस, मेडिकल, एम्बेसी अप्रूवल और टिकट कन्फर्मेशन के नाम पर चरणबद्ध तरीके से मोटी रकम वसूली जाती थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित