नोएडा , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-37 स्थित अंबेडकर पार्क के पास सोमवार सुबह एक रेत से भरा एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गया और पलट गया। घटना के समय फुटपाथ पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर चालक को झपकी आने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार में जा रहा डंपर सीधे सड़क किनारे बने फुटपाथ पर चढ़ गया। फुटपाथ पर चढ़ते ही भारी वाहन का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वह रेत सहित पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेक्टर-37 और अंबेडकर पार्क के आसपास सुबह और शाम के समय काफी आवाजाही रहती है। यदि उस समय राहगीर मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से पलटे हुए डंपर को हटवाया गया और यातायात को सामान्य कराया गया। मामला थाना सेक्टर 39 क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित