नोएडा , फरवरी 08 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 49 थाना क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के पांच अधिकारियों के खिलाफ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

इन अधिकारियों पर एक होटल कारोबारी की करीब 60 करोड़ रुपये की संपत्ति हड़पने की साजिश रचने गंभीर आरोप है।

पीड़ित की शिकायत पर रविवार को सेक्टर-49 थाना पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस की जांच एवं कार्रवाई के तहत मामले में सर्किल हेड, जोनल मैनेजर और शाखा प्रबंधक सहित कुल पांच अधिकारी नामजद किए गए हैं। आरोप है कि बैंक अधिकारियों ने जानबूझकर रिण की ब्याज दर बढ़ाकर फर्जी बकाया दिखाया, जिससे कारोबारी पर अधिक कर्ज दर्शाया जा सके।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बैंक अधिकारियों ने संपत्ति का वास्तविक मूल्य कम दर्शाया और उसे सस्ती दर पर नीलाम करने की तैयारी की। इसके लिए दस्तावेजों में हेराफेरी और फर्जी कागजात तैयार करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित होटल कारोबारी ने इस मामले को लेकर ऋण वसूली न्यायाधिकरण (डीआरटी) में भी याचिका दाखिल की है। अदालत के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने अब आपराधिक मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है और आरोपों की सत्यता सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित