नोएडा , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 113 थाना क्षेत्रांतर्गत एक निर्माणाधीन मकान में गुरुवार को शटरिंग गिर जाने से एक मजदूर की मौत हो गयी जबकि एक अन्य घायल हो गया।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कल सेक्टर-113 थाना पुलिस को 'डायल-112' के माध्यम से सूचना मिली कि सर्फाबाद गांव में बन रहे एक मकान की शटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई है। हादसे में दो मजदूर मलबे की चपेट में आ गए।
घटनास्थल पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस द्वारा बचाव कार्य करते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां पुलिस द्वारा की गई जांच में घायलों की पहचान मोहित पाल पुत्र सुखपाल, जनपद हरदोई मूल निवासी ग्राम धर्मपुर, थाना पचदेवरा,वर्तमान पता: पर्थला गांव नोएडा सेक्टर-113, थाना तथा जीतू पुत्र बाबूलाल, राजस्थान स्थित मूल निवासी धौलपुर के ग्राम गंगुलियापुरा, थाना राजाखेड़ा,वर्तमान पता: सर्फाबाद गांव, सेक्टर-113 थाना,के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान मोहित पाल की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है एवं पुलिस द्वारा संबंधित प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित