नोएडा , अप्रैल 14 -- ारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। नोएडा सेक्टर 37 से शुरू हुई यह यात्रा पूरे शहर में उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक एकता का संदेश देती हुई नोएडा सेक्टर 96 स्थित दलित प्रेरणा स्थल पर जाकर संपन्न हुई। इस दौरान हजारों की संख्या में युवक-युवतियां, महिलाएं और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए।

यात्रा की शुरुआत सुबह से ही जोश और उल्लास के माहौल में हुई। प्रतिभागी नीले रंग के झंडे और टोपी के साथ बड़ी संख्या में एकत्र हुए। पूरे मार्ग में "जय भीम" और "संविधान जिंदाबाद" जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। यात्रा में शामिल लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समानता, शिक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

इस भव्य यात्रा का मुख्य आकर्षण एक विशेष रूप से सजाया गया रथ रहा, जिसमें गौतमबुद्ध और डॉ. भीमराव आंबेडकर की आकर्षक तस्वीरें स्थापित की गई थीं। श्रद्धालु पूरे रास्ते रथ के साथ चलते हुए पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते नजर आए। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और जलपान की व्यवस्था भी की गई।

यात्रा के दौरान सामाजिक संगठनों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन और डॉ. आंबेडकर के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिससे माहौल और अधिक प्रेरणादायक बन गया। वक्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज में समानता व भाईचारे को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत नोएडा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। पूरे रूट पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों ने लगातार निगरानी रखी, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित