नोएडा , मई 04 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर 126 थाना पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले एक संगठित रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब पांच सौ ग्राम विदेशी मादक पदार्थ 'ओजी' (उच्च गुणवत्ता वाला गांजा) बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग सात से आठ लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि, यह कार्रवाई बीट पुलिसिंग और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम कुंवर (26 वर्ष) निवासी सेक्टर-1, कौशांबी, गाजियाबाद और नितिन चौहान (25 वर्ष) निवासी सदरपुर, सेक्टर-45, नोएडा के रूप में हुई है। दोनों को पुश्ता रोड, सेक्टर-94 के पास से दबोचा गया।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था। आरोपी इलेक्ट्रॉनिक कांटे से 'ओजी' को छोटे-छोटे हिस्सों में तौलकर पारदर्शी पाउच और लिफाफों में पैक करते थे। इसके बाद ये नशीले पदार्थ पीजी, हॉस्टल और शैक्षणिक संस्थानों में रहने वाले छात्रों और युवाओं को सप्लाई करते थे, जिससे उन्हें लगातार मांग और मोटा मुनाफा मिलता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित