नोएडा , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक्सप्रेस-वे थाना क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब सेक्टर-129 स्थित गुलशन मॉल के सामने सर्विस रोड किनारे एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।

सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर फील्ड यूनिट टीम को बुलाया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गये। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतका की पहचान कविता (23) पुत्री जय सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में युवती के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है। मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन कर दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवती वहां कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।

थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग इस रहस्यमयी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित