नोएडा , फरवरी 02 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-63 थाना पुलिस ने इंटीरियर कार्य के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गुड्डू आलम नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मास्टरमाइंड आई होम मास्टर प्राइवेट लिमिटेड फर्जी कंपनी का डायरेक्टर है जिसपर विभिन्न जगहों के ग्राहकों से मोटी राशि लेकर काम शुरू न करने, पैसे वापस मांगने पर धमकी व अभद्रता करने जैसे गंभीर आरोप हैं।

पुलिस द्वारा सोमवार को ठग की जानकारी देते हुए बताया कि नोएडा सेक्टर 63 थाना पुलिस ने को गोपनीय सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मास्टरमाइंड ठग को थाना क्षेत्र के ब्लॉक जी-172, से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर छह मॉनिटर, छह सीपीयू, छह कीबोर्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि ठग ने अपनी कंपनी के माध्यम से इंटीरियर कार्य के नाम पर करीब बीस लोगों से एग्रीमेंट कर कुल 94 लाख रुपये से अधिक की धनराशि हड़प ली। अलग-अलग पीड़ितों से एक लाख 95 हजार से लेकर दस लाख 50 हजार रूपए तक की रकम हड़पने का मामला सामने आया है। जिसके तहत पुलिस अन्य पीड़ितों की जानकारी भी जुटा रही है।

पुलिस द्वारा जांच पड़ताल कार्रवाई में सामने आया कि वह गत वर्ष 2021 से कंपनी का डायरेक्टर है। वह कुल लागत का पचास से साठ प्रतिशत (अग्रिम) कमीशन के रूप में लेता था, इसके बाद मकान या फ्लैट में तोड़फोड़ कर काम अधूरा छोड़ देता था। नए ग्राहकों से पैसे लेकर पुराने प्रोजेक्ट्स में जानबूझकर देरी की जाती थी, ताकि ग्राहक किसी अन्य इंटीरियर डिजाइनर के पास न जा सकें। भरोसा जीतने के लिए कुछ काम पूरे कर सोशल मीडिया पर प्रचार किया जाता था, जबकि अधिकांश धनराशि ठग अपने निजी शौक पर खर्च करता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित