नोएडा , दिसंबर 17 -- उत्तर प्रदेश की नोएडा फेस वन थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और मोबाइल फोन की चोरी व स्नेचिंग कर उनके अलग-अलग पार्ट्स की अंतर्राज्यीय तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इनके पास से लगभग दो करोड़ रुपए कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है जिसमें भारी मात्रा में आईफोन, आईपैड, टैबलेट, एप्पल टीवी डिवाइस और मोबाइल के कलपुर्जे शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों ने अब तक चोरी और स्नेचिंग की 500 से अधिक घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इनके पास से कुल 70 एप्पल मोबाइल फोन, 28 आईपैड, एक टेबलेट, एक एप्पल टीवी, 265 मोबाइल पार्ट्स और एक स्कूटी बरामद हुई है। गिरफ्तार सदस्यों पर पहले से ही विभिन्न थानों में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस अब इनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश के साथ वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित