लखनऊ , अप्रैल 12 -- नोएडा ब्लास्टर्स ने 'यूपी प्रो हैंडबॉल लीग' में रविवार को बड़ा उलटफेर करते हुए अब तक अजेय चल रही काशी किंग्स को 36-24 से हराया। चौथे दिन खेले गए मुकाबलों में गोरखपुर राउडीज़ ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की, जबकि मथुरा ब्रज स्टार ने गाजियाबाद पैंथर्स को हराकर जीत की राह पर वापसी की। आज खेले गये पहले मुकाबले में नोएडा ब्लास्टर्स ने काशी किंग्स को 36-24 से शिकस्त दी। नोएडा की ओर से तौसीफ ने आठ, जगमीत ने सात तथा मिंटू और मनकेश ने छह-छह गोल किए। काशी के लिए मोहित ने छह जबकि विमलेश और विपुल ने पांच-पांच गोल दागे। नोएडा ने पहले हाफ में 15-11 की बढ़त बनाई थी। नोएडा के ध्रुव जाधव को मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर चुना गया।

दूसरे मुकाबले में गोरखपुर राउडीज़ ने बर्बरीक वारियर्स को 29-18 से हराकर लीग में तीसरी जीत हासिल की। गोरखपुर पहले हाफ में 10-5 से आगे थी। टीम की ओर से क्रिशन ने सर्वाधिक नौ गोल किए और उन्हें मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर चुना गया। बर्बरीक वारियर्स के लिए आमिर और अंशू ने चार-चार गोल किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित