ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 06 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा बीटा-दो थाना पुलिस ने घरों में नौकरी के दौरान चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब पंद्रह लाख रुपये की चोरी की ज्वैलरी, एक चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध शस्त्र बरामद किये हैं।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि स्थानीय खुफिया जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से अभियुक्त शिवकुमार को नट मढैय्या गोल चक्कर सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से उन्नाव जनपद का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के निहाल विहार में रह रहा था।

पुलिस द्वारा कि गई गहन पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर किस्म का चोर है, जो पहले घरों में नौकरी करता था और वहां की पूरी रेकी करने के बाद मौका पाकर कीमती सामान और ज्वैलरी चोरी कर फरार हो जाता था। चोरी के बाद वह सामान बेचकर अवैध धन अर्जित करता था।

आरोपी ने 23 मार्च को शिकायतकर्ता के घर में नौकरी के दौरान करीब पंद्रह लाख रुपये की ज्वैलरी चोरी कर ली थी और फरार हो गया था। इस संबंध में बीटा-दो थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने आरोपी के पास से सोने के तीन हार, सोने के तीन कान के टॉप्स,एक सोने की अंगूठी,दो सोने की चूड़ियां,एक जोड़ी चांदी की पायल,दो चांदी के टॉप्स,एक सोने का ब्रेसलेट,भारतीय, वियतनामी और अमेरिकी मुद्रा,चोरी की मोटरसाइकिल (यूपी86ॉी3611),एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें दिल्ली और गौतमबुद्धनगर के थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित