नोएडा , फरवरी 04 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा में चार पहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नोएडा सेक्टर 39 थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन कारें, तथा चोरी के लिए इस्तेमाल की जाने वाली लग्जरी कार और कार के लॉक तोड़ने वाले उपकरण, दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है।

पुलिस ने गिरफ्तार शातिर गैंग की जानकारी बुधवार को दी, जहां उन्होंने बताया कि नोएडा सेक्टर 39 थाना पुलिस और सर्विलांस टीम द्वारा बुधवार तड़के सुबह करीब छह बजे सेक्टर 93 से सेक्टर 82 कट की ओर आने वाले मार्ग पर चौकी क्षेत्र 82 कट के पास से गोपनीय सूचना के आधार पर घेराबंदी कर सभी शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया।

पकड़े गए गैंग के लोग कार से क्षेत्र में अलग अलग जगहों पर घूम घूमकर रेकी करते थे, जिसमें ये ज्यादातर वाहनों को निशाना बनाते थे जो सुनसान या भीड़भाड़ वाली जगहों जैसे पार्किंग बाजार के आस पास सुपरमार्केट अथवा फैक्ट्रियों जैसी जगहों को चुनकर चिन्हित वाहन को चुरा कर हरियाणा के मेवात में ले जाकर बेच दिया करते थे।

ये ऑन डिमांड वाहनों की चोरी करते थे चोरी के पश्चात अपने कार में फर्जी नंबर प्लेट रखते थे जिसे चोरी की गई कारों के असली नंबर प्लेट की जगह लगाकर आसानी से निकल जाते थे और रास्ते में गैंग के सदस्य एक एक चोरी किए गये कार को चलाते थे और साथ में जिस कार का इस्तेमाल रेकी के लिए करते थे उससे चुराये गए कार को कुछ दूरी तक टो कर ले जाते फिर उसे स्टार्ट कर चुरा ले जाते थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित