चम्पावत , मई 01 -- नेपाल सीमा पर उत्तराखंड पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को शुक्रवार को उस समय बड़ी सफलता हासिल हुई , जब चंपावत पुलिस, सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) और उत्तर प्रदेश पुलिस की विशेष टीमों ने उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के धोखाधड़ी के मामलों में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
चंपावत पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सत्येन्द्र सिंह भसीन, निवासी पश्चिमी दिल्ली, नोएडा में दर्ज दो गंभीर धोखाधड़ी मामलों में फरार चल रहा था और नेपाल भागने की फिराक में था।
उप्र पुलिस से सूचना मिलने पर शारदा बैराज क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान नेपाल से लौट रही एक संदिग्ध इनोवा कार को रोक कर जांच की गई, जिसमें आरोपी सवार था।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से चार फर्जी आधार कार्ड, एक एप्पल आईपैड, चार मोबाइल फोन, एक पेन ड्राइव, पावर बैंक, डायरी और Rs.30,540 नकद बरामद किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई से अंतर्राज्यीय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को मजबूती मिली है और सीमा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित