गौतमबुद्धनगर , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला में पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त यातायात के पर्यवेक्षण में मंगलवार को व्यापक जांच अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने मैनुअल और कैमरों के माध्यम से 7010 वाहनों के ई-चालान किए।

जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर आयुक्तालय की यातायात पुलिस लगातार इस तरह के सख्त अभियान चला रही है। अभियान में आज 4010 वाहनों के ई-चालान किये। इनमें 2681 चालान मैनुअल चेकिंग के जरिए तथा 4319 चालान आईएसटीएमएस कैमरों की मदद से किए गए। इसके अलावा नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले 15 वाहनों को जब्त किया है।

उन्होंने बताया कि जिले के अलग अलग क्षेत्रों में विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान किए गए, जिनमें हेलमेट न पहनने पर 2643, ओवरस्पीड पर 406, सीट बेल्ट न लगाने पर 115 और बिना बीमा वाहन चलाने पर 90 से अधिक वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई।

इसके साथ ही विशेष अभियान के तहत विपरीत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें 400 से अधिक वाहनों के चालान किए गए।

जांच अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने सेक्टर-59 स्थित मिंडा कंपनी तिराहा मार्ग पर जनजागरूकता अभियान भी चलाया। इस दौरान वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने, वाहन को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय आईएसआई मार्क हेलमेट का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित