नोएडा , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के साथ मिलकर, नोएडा क्षेत्र में 50 सिटी बसों का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है।

शुक्रवार को एक विस्तृत बैठक के उपरांत जानकारी साझा करते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने बताया कि,नोएडा क्षेत्र के निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नोएडा क्षेत्र में बसों का संचालन चार प्रमुख रूटों पर किया जाएगा, जिनमें प्रमुख स्थानों को जोड़ने वाली बस सेवाओं से यात्री आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँच सकेंगे। यह कदम शहरवासियों को बेहतर और सस्ती परिवहन सुविधा प्रदान करेगा।

तय किए गए रूट्स जिस मार्ग पर बसें संचालित होंगी, सेक्टर 90 (डिपो) से ग्रेटर नोएडा पश्चिम गौड़ चैक एक मूर्ति तक। सेक्टर 90 (डिपो) से ग्रेटर नोएडा जेवर स्थित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट तक। सेक्टर 90 (डिपो) से सैक्टर 62 तक। सेक्टर 90 (डिपो) से फेस-दो नोएडा, सूजरपुर कलेक्ट्रेट ग्रेटर नोएडा तक।

इन बसों के संचालन के लिए सेक्टर-90 में बस डिपो और ई-चार्जिंग प्वाइंट्स की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, बसों के संचालन के लिए अन्य सुविधाओं जैसे बस सर्विस स्टेशन, ड्राइवर-कंडक्टर वर्कशॉप और चार्जिंग प्वाइंट्स भी नौएडा द्वारा प्रदान किए जाएंगे। इन बसों के संचालन में यूपीएसआरटीसी की भूमिका होगी, जो अपनी निर्धारित टिकट दरों पर इन बसों का संचालन करेगा।

इसके साथ ही, नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-90 में 20 चार्जिंग स्टेशन बनाए हैं, जहां 50 बसों को चार्ज किया जा सकेगा। इसके अलावा, बॉटनिकल गार्डन बस स्टैंड पर चार चार्जिंग प्वाइंट्स स्थापित किए जाएंगे, जिससे वहां 8 बसों को चार्ज किया जा सकेगा।

मोरना बस डिपो में भी ई-चार्जिंग प्वाइंट्स की व्यवस्था कर दी गई है। इस योजना का उद्देश्य, नोएडा क्षेत्र के यात्रियों को बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-62, गौड़ चैक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, जेवर एयरपोर्ट, फेस-दो औद्योगिक क्षेत्र, और कलेक्ट्रेट तक आसानी से यात्रा करने की सुविधा प्रदान करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित