नोएडा , अप्रैल 28 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे स्थित ओखला बैराज के डाउनस्ट्रीम में बायें बैंक पर स्थित यमुना मार्जिनल बन्ध की चार लेन सड़क के मरम्मत कार्य के लिए नौएडा विकास प्राधिकरण से 3418.13 लाख रुपये की धनराशि की स्वीकृति मिल गई है। इस सड़क का निर्माण वर्ष 2014 में सिंचाई विभाग द्वारा किया गया था, लेकिन 12 वर्ष बाद यातायात की अधिकता और अत्यधिक वर्षा के कारण सड़क पर गड्ढे और अन्य क्षतियां हो गईं हैं।
प्राधिकरण द्वारा मंगलवार को कार्य के संबंध में जानकारी साझा की गई जिसमें उनके द्वारा बताया गया कि,यह सड़क ग्राम असगरपुर, रायपुर, नगला नगली, नगला बाजिदपुर और नोएडा के रिहायशी सैक्टरों को यमुना नदी में आई बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करती है और स्थानीय निवासियों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। पिछले कुछ वर्षों में सड़क पर गड्ढे, लीक होने वाले गैबियन बाक्स और चोक ड्रैनेज पाइप्स के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही थी, साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया था।
सड़क के मरम्मत कार्य में क्रैश बैरियर, आरसीसी ट्रैन सूट, गैबियन ग्राउटिंग, जल निकासी व्यवस्था, जीएसबी और डीबीएम की मरम्मत सहित बीसी और पेंटिंग के कार्य किए जाएंगे। इस कार्य के पूरा होने से यमुना मार्जिनल बन्ध से जुड़े ग्रामों और सैक्टरों के निवासियों को उच्च गुणवत्ता वाली सड़क उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें आवागमन में कम समय लगेगा और ईधन तथा समय की बचत होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित