नोएडा , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में भर्ती की प्रक्रिया के तहत आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (यूपीएसआई) भर्ती परीक्षा शनिवार को नोएडा के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। जिले में बनाए गए 18 परीक्षा केंद्रों पर हजारों अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष और केंद्र परिसर में कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही है। इसके अलावा केंद्रों के बाहर भी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की कोशिश को रोका जा सके।
केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों को सघन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। गेट पर अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की जांच की गई। साथ ही मेटल डिटेक्टर से जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था भी की गई। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए उडन दस्ते और स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। समय से पहले ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं लेकिन सुरक्षा जांच के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या नकल कराने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी केंद्रों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम लगातार निगरानी बनाए हुए है।
परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी आसपास के इलाकों में विशेष व्यवस्था की है, जिससे अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन का कहना है कि पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्राथमिकता है, इसलिए पूरे परीक्षा प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित