नोएडा , अप्रैल 29 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के अंतर्गत छलेरा गांव में मंगलवार देर रात दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर खूनी झड़प हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि, विवाद की जड़ एक पारिवारिक संबंध से जुड़ी है। प्रथम पक्ष की नंदिनी, जो हरिप्रकाश की पुत्री है, की शादी करीब एक वर्ष पहले अर्जुन (पुत्र मनोज) के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच किसी मुद्दे को लेकर तनाव बना हुआ था।

इसी तनाव के कारण कल देर रात को दोनों पक्ष आपसी विवाद सुलझाने के लिए आमने-सामने बैठे थे। शुरुआत में बातचीत सामान्य रही, लेकिन कुछ ही देर में कहासुनी बढ़ गई। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई।

इस झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। हालांकि घायलों की सटीक संख्या सामने नहीं आई है लेकिन कुछ को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात को काबू में किया और दोनों पक्षों से कुल 11 लोगों को हिरासत में लिया। बाद में सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच जारी है और मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित कराया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित