ग्रेटर नोएडा , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा क्षेत्र जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा क्षेत्र में अवैध रूप से ड्रोन उड़ाने का गंभीर मामला सामने आया है।
हवाईअड्डा परिसर में बीते दो-तीन दिनों से रात के समय अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ड्रोन उड़ाए जाने की सूचना पर थाना जेवर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा के सुरक्षा अधिकारी कृष्ण कांत पाण्डेय द्वारा गत रविवार जेवर थाना में दी गई तहरीर में बताया गया कि ड्रोन रनेरा कुरेब गांव से झाझर रोड की दिशा से उड़कर हवाईअड्डा परिसर में प्रवेश करते हैं और कुछ समय बाद पुनः उसी दिशा में वापस चले जाते हैं।
तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया,कि भारत सरकार द्वारा नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डाक्षेत्र को नो ड्रोन फ्लाई जोन (रेड जोन) घोषित किया गया है। सुरक्षा कारणों से यहां ड्रोन संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस प्रकार की गतिविधियां सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जेवर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच अवर निरीक्षक रोहित कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से ड्रोन उड़ाने वालों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हवाईअड्डा जैसी संवेदनशील जगह पर ड्रोन उड़ाना गंभीर अपराध है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित