नैनीताल , अप्रैल 10 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सप्ताहांत के दौरान बढ़ते पर्यटक दबाव को देखते हुए पुलिस ने कैंची धाम, भवाली, भीमताल और हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 11 और 12 अप्रैल को प्रातः छह बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।
पुलिस के अनुसार, कैंची धाम और आसपास के क्षेत्रों में भीड़ नियंत्रण के लिए अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा। भीमताल रूट से आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा, जहां से श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी। वहीं नैनीताल और गेठिया मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में रोका जाएगा।
हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में भी सख्त यातायात व्यवस्था लागू की गई है। प्रातः छह बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले मालवाहक वाहनों को जनपद सीमा पर रोका जाएगा, जबकि मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को गोलापार और अन्य स्थानों पर डायवर्ट किया जाएगा।
बरेली रोड से आने वाले वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर के जरिए गोलापार मार्ग से काठगोदाम भेजा जाएगा, जबकि रुद्रपुर की ओर से आने वाले वाहन पंतनगर-लालकुआं मार्ग से होकर गुजरेंगे। रामनगर, बाजपुर और कालाढूंगी से आने वाले वाहनों को मंगोली मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
12 अप्रैल को दोपहर तीन बजे से रात नौ बजे तक भवाली और नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को रूसी बाईपास और कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।
पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें और सहयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित