नैनीताल , दिसम्बर 18 -- उत्तराखंड के नैनीताल जनपद में अल्मोडा मार्ग पर गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।

घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। यह सभी उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के निवासी हैं। ये लोग कैंची धाम दर्शनों के लिए जा रहे थे।

राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के सेनानायक (कमांडेंट) अर्पण यदुवंशी ने बताया कि आज सुबह लगभग 09:46 बजे आपदा प्रबंधन केंद्र, नैनीताल के भवाली से आगे अल्मोड़ा मार्ग पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की सूचना मिली। इस पर पोस्ट नैनीताल से सब-इंस्पेक्टर भावना बिष्ट के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए गई।

उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन स्कॉर्पियो है, जो बरेली से कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहा था। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से तत्काल छह घायलों को सुरक्षित निकालकर एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया तथा तीन मृतकों के शव निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किए हैं।

श्री यदुवंशी ने बताया कि गंगा देवी पत्नी भूप राम, (56) , बृजेश कुमारी पत्नी राहुल पटेल, (26) नैंसी गंगवार पुत्री जयपाल सिंह, (24) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। जिनके शवों को पुलिस के सुपुर्द किया गया है। जबकि ऋषि पटेल (07) स्वाति (20) , अक्षय (20) , ज्योति (25) , करन (25) और राहुल पटेल (35) को घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित