नैनीताल , फरवरी 01 -- उत्तराखंड में नैनीताल जनपद सहित आसपास के मैदानी क्षेत्रों में रविवार को तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होने से तापमान में गिरावट में दर्ज की गयी एवं इससे ठंडक बढ़ गयी और जनजीवन प्रभावित हुआ।

नैनीताल, रामनगर, हल्द्वानी, कालाढूंगी समेत कई इलाकों में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। सुबह पांच बजे मूसलाधार बारिश हुई और अभी भी मौसम साफ होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटने की भी खबरें हैं, वहीं निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को बारिश और हवा के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मौसम में आई अचानक ठंडक से लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट अधिक महसूस की जा रही है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार बारिश के चलते बाजारों में भी सुबह के समय सन्नाटा पसरा रहा।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ घंटों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है, हालांकि तेज हवाओं से कुछ फसलों को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित