नैनीताल , दिसंबर 30 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के ओखलकांडा में मंगलवार को तेंदुए ने महिला को मौत के घाट उतार दिया। शव को बरामद कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनस्यूं के चमोली धूरा निवासी पान सिंह चिलवाल की पत्नी रेखा देवी (37) दोपहर में कुछ महिलाओं के साथ बड़ौनी रेंज के जंगल में लकड़ी लेने गई थी। इसी दौरान घात लगाए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया।
तेंदुआ महिला को घसीट कर कुछ दूर ले गया। महिलाओं ने शोर मचाया तो तेंदुआ शव को छोड़कर भाग गया। ग्रामीण और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा किया और वनधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने तेंदुए को मारने या जिंदा पकड़ने की मांग की। वनाधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।
घटनास्थल के आसपास ट्रैपिंग कैमरे लगाए जा रहे हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए एक पिंजरा भी लगाया गया है। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।
नैनीताल जिले में पांच दिनों में यह दूसरी घटना सामने आई है। विगत 26 दिसंबर को नैनीताल जिले के धारी स्थित दीनी तल्लीन गांव में तेंदुए ने गोपाल सिंह की पत्नी हेमा देवी को अपना निवाला बना दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित