नैनीताल , अप्रैल 24 -- उत्तराखंड में पर्यटन नगरी नैनीताल, भीमताल और भवाली में अब आधुनिक तकनीक के जरिए सुरक्षा निगरानी और यातायात प्रबंधन को और मजबूत किया जाएगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन और एआई आधारित कैमरे लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के सचिव और कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि करीब 33 लाख रुपये की लागत से प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर लगाए जाने वाले ये कैमरे वाहनों की गति नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन और अपराध नियंत्रण में अहम भूमिका निभाएंगे।

इसके साथ ही शहर में प्रवेश और निकास करने वाले वाहनों का पूरा डिजिटल डेटा तैयार होगा, जिसे नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल सेंटर) और मोबाइल के माध्यम से भी मॉनिटर किया जा सकेगा।

आयुक्त ने बताया कि इन कैमरों से नगर पालिका द्वारा वसूले जा रहे टोल टैक्स की पारदर्शिता की भी निगरानी संभव होगी, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि वसूली सही ढंग से हो रही है या नहीं।

उन्होंने कहा कि कैंची धाम मंदिर के गेट पर भी 15 जून के मेले से पहले कैमरा लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सटीक संख्या का आकलन किया जा सकेगा। बैठक में ही इस कार्य के लिए धनराशि भी स्वीकृत कर दी गई।

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पिछले 24 घंटे के यातायात का डेटा प्रस्तुत किया। आंकड़ों के अनुसार हल्द्वानी से नैनीताल 3958 वाहन, नैनीताल से हल्द्वानी 1577, भवाली से नैनीताल 2540 और नैनीताल से भवाली 2323 वाहनों का आवागमन दर्ज किया गया। इस दौरान एएसपी आरडी मठपाल सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित