नैनीताल , मार्च 26 -- उत्तराखण्ड की नैनीताल पुलिस ने शहर से चोरी गयी मोटर बाइक को महज 24 घंटे में गाजियाबाद से बरामद कर शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर तल्लीताल पुलिस ने इस कार्रवाई अंजाम दिया। श्री मंजूनाथ ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मामला 24 मार्च का है, जब तल्लीताल निवासी अनीष कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि नैनीताल घूमने आए अक्षत बाजपेयी नामक युवक उसकी हंटर बुलेट किराये पर लेकर फरार हो गया। आरोपी का फोन बंद भी बंद है।
पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर तेजी दिखाते हुए गाजियाबाद के डासना राजमार्ग पर दबिश दी और आरोपी को बाइक समेत दबोच लिया।
आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए बाइक की असली नंबर प्लेट हटाकर उस पर फर्जी नंबर ( यूपी 32 एनएच 5715) प्लेट लगा दिया था लेकिन पुलिस ने चेसिस और इंजन नंबर मिलाकर पूरे खेल को खोल दिया।
गिरफ्तार आरोपी अक्षत बाजपेयी (22) मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला है और हाल में नोएडा में रह रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी समेत कई धाराएं बढ़ा दी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित