नैनीताल , मार्च 17 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के कालाढूंगी, भीमताल ,फतेहपुर क्षेत्र में मंगलवार को आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए मॉकड्रिल अभ्यास किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग आपदाओं से निपटने, राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।

कालाढूंगी के उपजिलाधिकारी विपिन पंत ने कहा कि इस तरह के मॉकड्रिल अभ्यास से वास्तविक आपदा के समय नुकसान को कम किया जा सकता और लोगाें की जान बचायी जा सकती है। उन्हाेंने कहा कि इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करना और आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी ढंग से अंजाम देना रहा।

आज मॉकड्रिल के तहत सबसे पहले मल्लीताल स्थित चार्टन लॉज क्षेत्र में भूस्खलन की सूचना प्राप्त होते ही राहत एवं बचाव दल को तत्काल ग्राउंड जीरो के लिए रवाना किया गया, टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और मलबा हटाने का अभ्यास किया, वहीं मल्लीताल के बोट हाउस क्लब क्षेत्र में नाव पलटने की घटना का भी पूर्वाभ्यास किया गया, जहां बचाव दल ने पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया।

जिले के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के रेंज ऑफिस के पास वन क्षेत्र में बाघ के हमले में घायल युवक की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जिस क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित