नैनीताल , फरवरी 16 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिला न्यायालय को सोमवार को ईमेल द्वारा बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरे मेल में न्यायाधिशों के चैंबर में आरडीएक्स लगाए जाने का दावा किया गया है,सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता वहां पहुंचा और कोर्ट परिसर को एहतियातन खाली कराया गया।

नैनीताल स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय को ऑल इंडिया जजेज एसोसिएशन के नाम से एक ईमेल भेजकर कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई। यह ईमेल नैनीताल जिले के अन्य न्यायालयों को भी प्राप्त हुआ।

ईमेल में दावा किया गया कि जजों के चैंबर में 12 आरडीएक्स और आईडी (इम्प्रोवाइज्ड डिवाइस) लगाए गए हैं। साथ ही तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण को रोके जाने की मांग भी की गई। मेल में स्पष्ट तौर पर कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराने की चेतावनी दी गई थी।

सूचना मिलते ही नैनीताल, हल्द्वानी और रामनगर समेत जिले की सभी अदालतों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। जिला न्यायालय परिसर में पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने सघन जांच अभियान शुरू किया। कोर्ट रूम, न्यायाधिशों के चैंबर, वकीलों के कार्यालय और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है।

धमकी के बाद आज सुबह से ही अदालती कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। सुरक्षा के मद्देनजर वकीलों, न्यायिक कर्मचारियों और आम नागरिकों को परिसर से बाहर कर दिया गया। पूरे इलाके को पुलिस ने घेराबंदी कर सील कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित