नैनीताल , मार्च 11 -- पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और वैश्विक आपूर्ति प्रभावित होने के कारण एलपीजी गैस को लेकर नैनीताल के होटल एवं रेस्टोरेंट कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। कमर्शियल गैस सिलेंडरों पर लगी पाबंदियों के बाद पर्यटन कारोबार पर असर पड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
नैनीताल होटल एसोसिएशन के सचिव एवं होटल कारोबारी वेद प्रकाश ने बुधवार को कहा कि पश्चिम एशिया में चल रही परिस्थितियों के कारण पूरी दुनिया में गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि जहां से एलपीजी आता है, वहां से आपूर्ति बाधित होने के कारण यह समस्या सामने आ रही है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने परामर्श जारी कर कहा है कि घरेलू गैस की कमी नहीं होगी और इसके उत्पादन को बढ़ाया जाएगा। हालांकि कमर्शियल गैस सिलेंडरों को लेकर प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिसके तहत फिलहाल कमर्शियल गैस की आपूर्ति केवल अस्पतालों एवं शैक्षणिक संस्थानों में करने की अनुमति दी गई है।
उन्होंने कहा कि होटल एवं रेस्टोरेंट को लेकर अभी कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए हैं, जिससे होटल कारोबारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नैनीताल की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन पर आधारित है और होटल एवं रेस्टोरेंट में कमर्शियल गैस का उपयोग होता है। ऐसे में गैस आपूर्ति बाधित होने से पर्यटन कारोबार पर असर पड़ सकता है।
नैनीताल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि नए परामर्श के बाद होटल कारोबारियों में चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है और इसी दौरान अधिकांश कारोबार होता है, जिससे पूरे वर्ष का खर्च चलता है। यदि गैस आपूर्ति नहीं हुई तो होटल एवं रेस्टोरेंट बंद होने की स्थिति पैदा हो सकती है।
उन्होंने बताया कि होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में जिला अधिकारी से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया और होटल तथा रेस्टोरेंट के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में राहत देने का अनुरोध किया है।
उधर गैस डिस्ट्रीब्यूटर रवि मेहरा ने बताया कि 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और उनकी आपूर्ति जारी है। हालांकि ऑनलाइन सॉफ्टवेयर में तकनीकी समस्या के कारण बुकिंग की डीएसी नहीं आ रही है, जिससे फिलहाल डिलीवरी प्रभावित हो रही है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण गैस और तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है। केंद्र सरकार ने आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए अस्पतालों और स्कूलों को गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और प्रशासन वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है।
उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या ओवररेटिंग की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित