नैनीताल , अप्रैल 09 -- केन्द्र सरकार ने नैनीताल जिले में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क परिवहन मंत्रालय द्वारा सड़कों के सुधारीकरण, चौड़ीकरण और पुल निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि काशीपुर-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग-309 के सुधारीकरण के लिए 16.81 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस मार्ग की खराब स्थिति के कारण नैनीताल और कार्बेट पार्क आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है, जिसे अब जल्द दूर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि काठगोदाम-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर गुलाबघाटी क्षेत्र में संकरी सड़क के कारण लगने वाले जाम से राहत के लिए लगभग 61 करोड़ रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण और स्लोप प्रोटेक्शन का कार्य स्वीकृत किया गया है। इसके बाद इस हिस्से को दो-लेन बनाया जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा।
इसके अलावा, काठगोदाम क्षेत्र में कलसिया पुल पर दो-लेन कम्पोजिट ब्रिज निर्माण के लिए करीब 50.61 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस पुल के बनने से जाम की समस्या में कमी आएगी और भारी वाहनों का आवागमन भी आसान होगा।
रानीबाग क्षेत्र में जाम की समस्या से निपटने के लिए अंडरपास निर्माण की योजना भी तैयार की गई है। इसके लिए 17.04 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर ली गई है, जिसे जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। अंडरपास बनने के बाद काठगोदाम-नैनीताल और काठगोदाम-भीमताल मार्ग का यातायात अलग-अलग हो जाएगा, जिससे जाम की समस्या खत्म होगी।
केंद्र सरकार द्वारा दी गई इन स्वीकृतियों से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित