पटना, दिसंबर 17 -- बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने बुधवार को कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में पार्टी की नेता सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के उपर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की तरफ से भेजी गई चार्जशीट पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने संज्ञान लेने से इंकार कर दिया है और अदालत के इस कदम के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं माफी मांगनी चाहिये।
श्री राम के नेतृत्व में आज एक विरोध मार्च आयकर गोलंबर से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक आयोजित किया गया।
श्री राम ने इस दौरान कहा कि ईडी ने कांग्रेस के दो प्रमुख नेताओं राहुल और सोनिया गाँधी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नाहक परेशान करने के लिए आरोपी बनाया था। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड' मुकदमा सिर्फ गांधी परिवार को परेशान करने के लिए कायम किया गया है और इसके पीछे केंद्र में सत्ताधारी भाजपा सरकार की राजनीतिक बदले की भावना है।
कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर नेशनल हेराल्ड केस में प्रवर्तन निदेशालय ने दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई की, जिस पर राउज एवेन्यू कोर्ट का संज्ञान लेने से इंकार कांग्रेस के दोनों नेताओं की जीत और भाजपा की बदले की भावना से की गई राजनीति की हार है।
श्री राम ने कहा कि हाल में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि ईडी को कानून के दायरे में रहकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि 'प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट' (पीएमएलए) के मामलों में दोषसिद्धि की दर 10 प्रतिशत से भी कम है, इसलिए यह केस केवल गांधी परिवार को बदनाम करने और देश में कांग्रेस की छवि को खराब करने को लिए किया गया है।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अदालत के इस आदेश के बाद कांग्रेस,भाजपा की तरफ से कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने के लिए कही गई बातों की भर्त्सना करती है और मांग करती है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व खासकर प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी इस इस विद्वेष के लिए मांफी मांगे।
आज प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी नेताओं में प्रधानमंत्री श्री मोदी का पुतला फूंका और गगनभेदी नारे भी लगाए। आयकर गोलंबर पहुंचने पर पुलिस ने प्रदर्शन को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शन में पूर्व विधान पार्षद प्रेमचन्द्र मिश्रा, पूर्व विधायक इजहारूल हुसैन, राजेश राठौड़, प्रतिमा कुमारी दास, अमित कुमार टुन्ना, डॉ संजय यादव, डॉ स्नेहाशीष वर्द्धन पाण्डेय, सौरभ सिन्हा सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित