देवरिया, दिसम्बर 19 -- नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ की जा रही ईडी कार्यवाही के विरोध में उत्तर प्रदेश के देवरिया में कांग्रेसियों ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिस के बीच हल्की नोंक-झोंक भी हुई।

विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस के अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' ने कहा कि न्यायालय ने अपने फैसले से भाजपा सरकार की नीयत को बेनकाब कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता लोकसभा प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी को फर्जी मुकदमों में फंसाकर देश की राजनीति को विपक्ष विहीन करने का प्रयास किया,लेकिन न्यायालय के निर्णय ने सरकार के मंसूबों पर पानी फेर दिया।

उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से केंद्र की मोदी सरकार कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से गैरकानूनी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि यंग इंडिया मामले में ईडी की कार्रवाई दुर्भावनापूर्ण थी, जिसे न्यायालय ने अवैध और अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया है। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में न तो मनी लॉन्ड्रिंग है और न अपराध से अर्जित आय और न ही किसी संपत्ति का हस्तांतरण हुआ है। भाजपा और संघ शुरु से ही गांधी परिवार को बदनाम करने के प्रयास में लगे हैं। नेशनल हेराल्ड केस भी इसी की एक कड़ी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित