बस्तर , दिसंबर 18 -- नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को बस्तर संभाग के चार जिलों जगदलपुर, कोंडागांव, सुकमा और कांकेर में एक साथ व्यापक और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
संबंधित जिला कांग्रेस कमेटियों के आह्वान पर कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालयों का घेराव करने के लिए सड़कों पर उतरे। कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा पर राजनीतिक प्रतिशोध के तहत विपक्षी नेताओं और संस्थानों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
जगदलपुर, कांकेर कोंडागांव और सुकमा में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और भाजपा कार्यालयों की ओर बढ़े। यहां प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नेताओं ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला पूरी तरह राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है और इसका उद्देश्य विपक्ष की आवाज को दबाना है। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताया।
कोंडागांव में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय घेराव के लिए निकले, लेकिन पुलिस की ट्रिपल लेयर सुरक्षा व्यवस्था के चलते उन्हें बीच रास्ते में ही रोक लिया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ समय के लिए झूमाझटकी की स्थिति बनी। हालांकि पुलिस की सतर्कता से हालात नियंत्रण में रहे और किसी भी अप्रिय घटना को टाल दिया गया।
कांकेर जिले में प्रदर्शन सबसे अधिक उग्र नजर आया। कांग्रेस भवन से पैदल रैली के रूप में कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय घेराव के लिए आगे बढ़े लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक दिया। इसके बाद पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने स्थिति को संभालते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने कहा कि नेशनल हेराल्ड प्रकरण भाजपा का राजनीतिक षड्यंत्र है, जिसे जनता के सामने उजागर किया जा चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी दलों को डराने और दबाने का प्रयास कर रही है। वहीं भानुप्रतापपुर की कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े नेशनल हेराल्ड की विरासत को बदनाम करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और कांग्रेस इसका डटकर विरोध करती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित