रांची , दिसंबर 17 -- झारखंड कांग्रेस के नेताओं बहुचर्चित नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी और सोनिया गांधी को अदालत से बड़ी राहत मिलने के बाद बुधवार को रांची प्रदेश भाजपा कार्यालय का घेराव किया।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने हरमू स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस का आरोप है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूरी कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर की गई, जिसका उद्देश्य राहुल गांधी और सोनिया गांधी को राजनीतिक रूप से प्रताड़ित करना था।
ज्ञातव्य है कि नेशनल हेराल्ड केस में मंगलवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने ईडी की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इंकार कर दिया था। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि यह चार्जशीट एक निजी शिकायत और उस पर मजिस्ट्रेट द्वारा लिए गए संज्ञान पर आधारित है, जबकि मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में अपराध तभी बनता है जब किसी सक्षम जांच एजेंसी द्वारा विधिवत अपराध दर्ज किया गया हो।
अदालत के इस फैसले को कांग्रेस नेताओं ने "सत्य की जीत" करार दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और दुर्भावनापूर्ण मंशा के तहत ईडी का दुरुपयोग कर राहुल गांधी और सोनिया गांधी को परेशान करने की कोशिश की, लेकिन अदालत के फैसले से यह स्पष्ट हो गया कि "सत्यमेव जयते", यानी हमेशा सत्य की ही जीत होती है।
कांग्रेस का आरोप है कि नेशनल हेराल्ड प्रकरण में ईडी ने बिना एफआईआर के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाना बनाया। इसी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया।
इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विभिन्न अग्रणी संगठनों के चेयरमैन, छात्र विंग के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने भाजपा कार्यालय के बाहर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की थी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित