बहराइच , फरवरी 02 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा से सटे 0 से 15 किलोमीटर के संवेदनशील क्षेत्र में सरकारी भूमि और नो-मेन्स लैंड पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ प्रशासन ने निर्णायक कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है।

तहसील नानपारा सभागार में सोमवार को उप जिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राजस्व, पुलिस, एसएसबी और वन विभाग के अधिकारियों को संयुक्त एवं समयबद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पारदर्शी, विधिसम्मत और नियमों के अनुरूप की जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और सुदृढ़ हो।

तहसीलदार नानपारा की रिपोर्ट के अनुसार सीमा क्षेत्र में कुल 367 अवैध अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 184 हटाए जा चुके हैं। 13 मामलों में कार्रवाई जारी है तथा 19 अतिक्रमणों को अगले तीन दिनों में हटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शेष मामलों में भी शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने चेतावनी दी कि हटाए गए स्थलों पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प लिया। बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा, 42वीं वाहिनी एसएसबी के प्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा संबंधित राजस्व व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित