पटना , अप्रैल 27 -- बिहार से लगने वाली भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र को हर तरह से सुरक्षित बनाए रखने और तमाम गैर-कानूनी गतिविधियों पर चौकसी बनाए रखने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के डीआईजी नीरज कुमार सिंह ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि बिहार एसटीएफ, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय थाना के चुनिंदा पुलिस जवानों को मिलाकर एक खास टीम बनाई गई है। इसका सकारात्मक प्रभाव भी दिखने लगा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनवरी से 22 अप्रैल तक विभिन्न तरह की गैर-कानूनी गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण 146 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

डीआईजी नीरज कुमार सिंह ने कहा कि फिलहाल सीमा पर ऐसी चार यूनिट का गठन किया गया है, जिसमें तीनों इकाईयों से 40 पुलिस कर्मियों को रखा गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह टीम मुख्य रूप से सीमावर्ती 13 अनुमंडलों और 69 थानों में खासतौर से निगरानी बनाए हुए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित