काठमांडू , फरवरी 23 -- नेपाल के धादिंग में रविवार देर रात एक बस के त्रिशूली नदी में गिर जाने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गयी और 25 लोग घायल हो गये । मृतकों में दो विदेशी भी शामिल हैं।
नेपाल के राष्ट्रीय अखबार काठमांडू पोस्ट ने यह जानकारी दी कि विदेशियों में एक ब्रिटिश और एक चीनी नागरिक भी शामिल है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, धादिंग के बेनीघाट रोरंग ग्रामीण नगर पालिका के चरौंडी में हुए बस हादसे में घायल यात्रियों को इलाज के लिए काठमांडू भेजा गया है।
रिपोर्टों के मुताबिक, पोखरा से काठमांडू जा रही बस देर रात 1:15 बजे त्रिशूली नदी में गिर गयी। पुलिस ने बताया कि हादसे में 19 लोगों की मौत हो गयी और 25 लोग घायल हैं। इनमें से 24 को इलाज के लिए काठमांडू भेजा गया है। बस में 45 लोग सवार थे।
मरने वालों में नौ नेपाली नागरिकों की पहचान हो चुकी हैं। मृतक ब्रिटिश नागरिक की पहचान स्टुअर्ट डॉमिनिक ईथन के रूप में हुई है। मरने वालों में एक चीनी नागरिक है, इसकी पुष्टि नेपाल स्थित चीनी दूतावास ने की है। हालांकि नाम का खुलासा नहीं किया है। घायल यात्रियों में एक न्यूजीलैंड और एक चीन का नागरिक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित