ऋषिकेश , मार्च 30 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के नेपाली फार्म तिराहे पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय की मूर्ति स्थापना के विरोध में क्षेत्रीय संयुक्त संघर्ष समिति ने सोमवार से धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा और उत्तराखंड क्रांति दल के बैनर तले चल रहे इस धरने में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। धरना प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जारी रहेगा।

बताया जा रहा है कि 28 मार्च की शाम को उक्त स्थान पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय की मूर्ति स्थापित की गई थी, जिसे बाद में कपड़े से ढक दिया गया। सोमवार सुबह इसकी जानकारी मिलते ही उक्रांद और स्वाभिमान मोर्चा के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नेपाली फार्म तिराहा देहरादून और ऋषिकेश का मुख्य प्रवेश द्वार है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण स्थल पर उत्तराखंड के महापुरुषों और राज्य आंदोलन में शहीद हुए लोगों की मूर्तियां स्थापित की जानी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान से प्रेरणा ले सकें।

संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष शीशपाल पोखरियाल ने कहा कि जब तक उक्त मूर्ति को हटाकर राज्य के महापुरुषों और शहीद आंदोलनकारियों की मूर्तियां नहीं लगाई जातीं, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्णय लेना चाहिए, अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा।

वहीं, मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री सुधीर राय रावत ने कहा कि उत्तराखंड शहीदों के बलिदान से बना राज्य है और उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित