मधुबनी , मार्च 02 -- िहार में सीमावर्ती मधुबनी जिले के इलाकों जयनगर, बासोपट्टी एवं लदनियां के बाजारों में सोमवार को नेपाली ग्राहकों की जमकर खरीदारी से बाजार गुलज़ार और व्यापारी मलामाल हुए।

आगामी 05 मार्च को नेपाल में घोषित आम चुनाव के चलते सोमवार की शाम से 72 घंटे के लिए सीमा पर दोनों तरफ से आवागमन बंद होने की सूचना के बाद होली पर्व की खरीदारी के लिए नेपाली ग्राहक सीमावर्ती भारतीय बाजारों में उमड़ पड़े।

नेपाली ग्राहकों ने जयनगर समेत अन्य बाजारों में कपड़ा, खाद्य सामग्री समेत अन्य जरूरत की चीजों की खरीदारी की। व्यवसाई संगठन का मानना है कि तीन मार्च को सीमा बंद होने की सूचना के बाद सीमावर्ती बाजारों में जम कर खरीदारी हुई है। अनुमानित के तौर कर करीब 50 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। नेपाल में सिरहा जिला के माड़र, ईनरवा, सिरहा, गोलबजार, लहान, मिरचेया के अलावे धनुषा जिले के जनकपुरधाम, महिनाथपुर, खजुरी, दुभी समेत अन्य क्षेत्रों से आये सैकड़ों ग्राहकों ने होली पर्व के लिए भारतीय सीमावर्ती बाजारों से जरूरत की सामानों की खरीदारी की।

इस संबंध में जयनगर चैम्बर ऑफ कॉमर्स के महासचिव अनिल बैरोलिया ने बताया कि भारत- नेपाल सीमा खुले रहने का आज अंतिम दिन है। चुनाव के लिए आज शाम से 72 घंटे के लिए सीमा को बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि होली पर्व की खरीदारी के लिए बाजारों में नेपाली ग्राहकों की संख्या काफी अधिक देखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित