श्रीगंगानगर , मार्च 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में जिला मुख्यालय से सात किलोमीटर दूर स्थित नेतेवाला गांव में सिंचाई विभाग की भूमि पर प्रस्तावित ठोस कचरा निस्तारण केंद्र (कचरा संयंत्र) की स्थापना के खिलाफ ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो गया है।

गुरुवार को काफी संख्या में ग्रामीणों ने नगर परिषद श्रीगंगानगर पहुंचकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए नगर परिषद प्रशासन से संयंत्र की स्थापना रद्द करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को नगर परिषद परिसर में घुसने से रोकने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने गेट तोड़कर जबरदस्ती अंदर प्रवेश कर लिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी पीछे हट गई। इसके बाद विधायक जयदीप बिहानी की उपस्थिति में नगर परिषद प्रशासक एवं एडीएम सुभाष को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि इस जगह पर कचरा संयंत्र बिल्कुल नहीं लगने देंगे।

पूर्व सरपंच सुरेंद्र पारीक ने कहा कि हम कचरा संयंत्र का विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन यह सही जगह पर लगना चाहिए। नेतेवाला की यह जगह पूरी तरह अनुपयुक्त है। यहां आबादी बिल्कुल नजदीक है, अस्पताल और स्कूल हैं। सबसे बड़ी समस्या यह है कि पूरे क्षेत्र को पीने का पानी उपलब्ध कराने वाली गंगनहर महज कुछ मीटर की दूरी पर है। कचरा संयंत्र से जलस्रोत प्रदूषित होने का खतरा है, जिससे पूरा क्षेत्र प्रभावित होगा। उन्होंने प्रशासन से संयंत्र कहीं और लगाये जाने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित