पटना, फरवरी 19 -- िहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रतिदिन सदन की कार्यवाही में पहुँच रहे हैं, वहीं नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाने में तेजस्वी यादव विफल साबित हुए हैं।
श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि तेजस्वी यादव को न तो जनहित से कोई सरोकार है और न ही संसदीय कार्यों में कोई रुचि। नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनकी कार्यशैली सदैव सवालों के घेरे में रही है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नेता प्रतिपक्ष के पद और उसकी भूमिका का विशेष महत्व होता है। जनता के सवालों को सदन में आवाज देना तथा सरकार के विकास कार्यों में सहयोग प्रदान करना नेता प्रतिपक्ष का मूल दायित्व है। उनके कंधों पर भी जनता की अपेक्षाओं की जिम्मेदारी होती है, लेकिन दुर्भाग्यवश तेजस्वी यादव लगातार इस दायित्व के निर्वहन में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।
श्री कुशवाहा ने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रतिदिन सदन की कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की समस्याओं एवं आवश्यकताओं से अवगत हो रहे हैं, जो एक सच्चे एवं संवेदनशील जननेता की पहचान है। वहीं दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष की बजट सत्र से निरंतर अनुपस्थिति लोकतांत्रिक परंपराओं की दृष्टि से चिंताजनक है।
जदयू अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सक्रियता, जवाबदेही और गंभीरता अनिवार्य तत्व हैं, लेकिन तेजस्वी यादव का आचरण इसके विपरीत प्रतीत होता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि श्री यादव अपनी शिक्षा और क्रिकेट करियर के प्रति भी गंभीर नही थे और अब राजनीति में इसका उनकी इसी प्रवृत्ति को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित