चंडीगढ़ , दिसंबर 26 -- नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग एवं सतत विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत, नियंत्रकसंचार लेखा (सीसीए) पंजाब के कार्यालय ने शुक्रवार को यहां चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (सीपीडीएल) के साथ नेट मीटरिंग के संग सौर ऊर्जा साझाकरण के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये।
श्री वी. एन. टंडन, नियंत्रक संचार लेखा, पंजाब ने इस अवसर पर बताया कि सीसीए कार्यालय शीघ्र ही 50 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने जा रहा है। उन्होंने बताया कि संयंत्र से उत्पन्न अप्रयुक्त सौर ऊर्जा को नेट मीटरिंग के माध्यम से चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड को आपूर्ति किया जाएगा। यह पहल न केवल कार्यालय के मासिक विद्युत व्यय में कमी लाने में सहायक होगी, बल्कि अतिरिक्त सौर ऊर्जा के विक्रय से कार्यालय के लिए अतिरिक्त राजस्व सृजन का माध्यम भी बनेगी। इसके साथ ही यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक योगदान सिद्ध होगा।
इस अवसर पर डॉ. मनदीप सिंह, संयुक्त नियंत्रक ने इस पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सीसीए पंजाब, चंडीगढ़ का कार्यालय भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के उन प्रारंभिक सीसीए कार्यालयों में से एक है, जिसने इस प्रकार की पहल की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हरित ऊर्जा एवं सतत विकास को अपनाने के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित