चंडीगढ़ , मई 01 -- हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशीम कुमार घोष ने नूंह जिला लघु सचिवालय में प्रशासनिक, शिक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करना होना चाहिए, ताकि जनता का विश्वास मजबूत हो सके।

राज्यपाल ने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी कार्यालयों, स्वास्थ्य सेवाओं और शैक्षणिक संस्थानों को और सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि ये संस्थान सरकार और जनता के बीच विश्वास का प्रतीक हैं।

शिक्षा क्षेत्र में उन्होंने गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई, शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यार्थियों में आधुनिक विषयों व अंग्रेजी दक्षता विकसित करने पर बल दिया। बढ़ती ड्रॉपआउट दर को गंभीर बताते हुए इसे कम करने और ग्रामीण युवाओं को उच्च शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं के बेहतर अवसर देने की बात कही। महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित