खार्तूम , फरवरी 12 -- उत्तरी सूडान के नील नदी प्रांत में यात्री नौका के डूबने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गयी, जबकि आठ लोगों को जिन्दा बचा लिया गया है।
नील नदी प्रांत की सरकार ने गुरुवार को एक आधिकारिक बयान में कहा, "बुधवार को नाव डूबने के बाद नदी से 21 शव बरामद किये गये हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है और नागरिक रक्षा दल बचाव की कोशिशों में जुटे हैं।"एक चश्मदीद गवाह ने बताया कि नाव में 30 से ज्यादा सवार मौजूद थे। नदी से निकाले गये शवों में 16 महिलाएं, पांच पुरुष शामिल हैं। आठ लोगों को जिन्दा बचा लिया गया है।
सूडान के नागरिक रक्षा अधिकारियों के अनुसार, नाव नील नदी राज्य में शेंडी के उत्तर में तैयबा अल-खवाद और देइम अल-कराई गांवों के बीच जा रही थी। तभी ऊंची लहरों के कारण वह पलट गयी।
इस बीच, स्वैच्छिक संगठन सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने भी एक बयान में हादसे की पुष्टि करते हुए नदी परिवहन की असुरक्षा और बुनियादी सुरक्षा मानकों की कमी को रेखांकित करते हुए संबंधित अधिकारियों से विशेष बचाव दल और खोज एवं बरामदगी उपकरण तैनात करने की अपील की। साथ ही, भविष्य में इस तरह की त्रासदियों को रोकने के लिए नदी परिवहन सुरक्षा को मजबूत करने की मांग की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित