ओस्लो , फरवरी 22 -- ग्रीनलैंड में अमेरिका के विशेष दूत जेफ़ लैंड्री ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भेजी गयी 'हॉस्पिटल शिप' ठुकराने के लिए ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री जेन्स-फ्रेडरिक नील्सन की आलोचना करते हुए सोमवार को कहा कि ग्रीनलैंड का स्वास्थ्य अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अहम है।
श्री लैंड्री ने एक्स पर लिखा, "प्रधानमंत्री जेन्स-फ्रेडरिक नीलसन को शर्म आनी चाहिए! राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिका को परवाह है। ग्रीनलैंड के कई लोगों से उनकी रोज़मर्रा की समस्याओं के बारे में बात करने के बाद एक मुद्दा सामने आया, वह था स्वास्थ्य।"श्री लैंड्री ने कहा कि ग्रीनलैंड में स्वास्थ्य सेवाओं, उपकरण और विशेषज्ञों की कमी है, जिससे लोगों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने कहा, "एक स्वस्थ ग्रीनलैंड अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बहुत ज़रूरी है। अमेरिका ग्रीनलैंड की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसकी शुरुआत यह पक्का करने से होती है कि उसके लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों और तकलीफों से बचाया जाए।"इससे पूर्व, श्री नील्सन ने रविवार को कहा था कि उनके देश को श्री ट्रंप द्वारा भेजी जाने वाली 'हॉस्पिटल शिप' में कोई रुचि नहीं है। श्री ट्रंप ने शनिवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा था कि वह लुइज़ियाना के गवर्नर श्री लैंड्री के साथ मिलकर एक 'हॉस्पिटल शिप' ग्रीनलैंड भेज रहे हैं ताकि देश में जो भी लोग बीमार हैं, उनका इलाज किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित