काठमांडू , जनवरी 29 -- नेपाल में खेले जा रहे महिला टी20 विश्व कप क़्वालिफ़ायर में बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत नीदरलैंड्स और बांग्लादेश ने 2026 महिला टी20 विश्व कप के लिए क़्वालीफाई कर लिया है। बांग्लादेश की टीम 2014 से लगातार विश्व कप का हिस्सा रही है, वहीं नीदरलैंड्स की टीम पहली बार टी20 विश्व कप खेलेगी।
क़्वालिफ़ायर में दोनों टीम का प्रदर्शन काफ़ी अच्छा रहा है और सुपर सिक्स में उन्होंने थाईलैंड एवं यूएसए को हराकर इंग्लैंड में होने वाले टूर्नामेंट में जगह बनाई।
ग्रुप स्टेज के सभी चार मैच जीतने के बाद खेलने आई बांग्लादेश को मुलपानी में थाईलैंड ने सुपर सिक्स मैच में पहले बल्लेबाज़ी के लिए बुलाया। पहली ही गेंद पर दिलारा अख़्तर और दूसरे ओवर में शर्मिन अख़्तर पवेलियन लौट गईं, लेकिन जुआइरिया फ़िरदौस और शोभना मोस्तारी ने अर्धशतक लगाकर पारी को संभाला।
दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी निभाई। फ़िरदौस ने 45 गेंदों में 56 और मोस्तारी ने 42 गेंदों में 59 रनों की पारी खेली। दोनों बल्लेबाज़ों के आउट होने से बांग्लादेश को झटका लगा लेकिन अंत में स्कोर 165-8 तक पहुंच गया।
इसके बाद मारुफ़ा अख़्तर ने 25 रन देकर 3 विकेट लिए और उनके अलावा ऋतु मोनी एवं शोरना अख़्तर ने दो-दो विकेट लेकर टीम को 39 रनों से जीत दिलाई।
नीदरलैंड्स ने कीर्तिपुर में यूएसए को डीएलएस नियम से 21 रनों से हराया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए यूएसए ने 20 ओवर में 129-7 का स्कोर बनाया, जिसमें हन्नाह लनधीर ने 30 रन देकर 3 और कैरोलिन डी लांगे ने 27 रन देकर 2 विकेट लिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित