पटना , दिसंबर 26 -- बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रवक्ता हिमराज राम और परिमल कुमार ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार 16 जिलों में मखाना की खेती को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है, जिससे कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं का द्वार खुलेगा।

जदयू प्रवक्ता श्री राम और श्री कुमार ने आज बयान जारी कर कहा कि किसानों को इकाई लागत का 75 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाएगा, जिसके परिणामस्वरूप मखाना उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय न केवल बिहार के कृषि विकास को नई गति देगा, बल्कि किसानों की आय में भी सार्थक सुधार लाएगा।

जदयू नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि मखाना की खेती को प्रोत्साहन देकर राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और कृषि बाजार में बिहार की पहचान को और भी सुदृढ़ करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। यह कदम किसानों के हितों को सुरक्षित करने, आधुनिक खेती को प्रोत्साहित करने और बिहार को कृषि आधारित उद्योगों का केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित